• म्यांमार इस देश के साथ भी भारत के सम्बन्ध मैत्रीपूर्ण हैं। दोनों देशों की स्थल सीमा का निर्धारण हो चुका है तथा दोनों देश गुट निरपेक्षता की नीति के समर्थक हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक रूप से भी भारत एवं म्यांमार के सम्बन्ध मधुर रहे हैं। दोनों देशों के बीच 1600 किमी की निर्विवाद सीमा है। भारत के लगभग 25 लाख लोग म्यांमार में निवास करते हैं, हालांकि कुछ समय तक सैन्य शासन के दौरान भारत के रिश्ते म्यांमार की सरकार से सामान्य नहीं रह पाए, किन्तु अक्टूबर, 2011 में म्यांमार के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के पश्चात् सम्बन्धों की नई भूमिका बनी है।
.
भूटान यह भारत की पूर्वोत्तर सीमा पर स्थित देश है, जिसके भारत के साथ मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध रहे हैं। भारत, भूटान की सैन्य तथा संचार सेवाओं की जिम्मेदारी निर्वाह करता है। भारत के प्रयासों से ही भूटान को संयुक्त राष्ट्र संघ की सदस्यता प्राप्त हुई थी। भारत प्रतिवर्ष अपने बजटीय आवण्टन के तौर पर एक बड़ी धनराशि भूटान को देता है, साथ ही दोनों देशों के बीच अबाध पारगमन की सुविधा भी उपलब्ध है। जून, 2014 में भारत के नवनिर्वाचित प्रधानमन्त्री ने अपनी प्रथम विदेश यात्रा में भूटान को चुना तथा यहाँ दो जलविद्युत परियोजनाओं की नींव रखी। भारत की मदद से बने भूटान के सर्वोच्च न्यायालय के भवन का उद्घाटन किया।
अफगानिस्तान यह भारत की उत्तर पश्चिमी सीमा पर स्थित एक स्थलरुद्ध देश है। अफगानिस्तान के साथ भी भारत के प्राचीन सम्बन्ध है। मौर्यकाल तथा मुगलकाल में अफगानिस्तान भारतीय शासकों के शासन में रहा है। स्वतन्त्रता के पश्चात् भारत व अफगानिस्तान के बीच मैत्रीपूर्ण सम्बन्ध रहे, किन्तु 1990 के दशक में तालिबानियो द्वारा सत्ता पर कब्जा कर लेने के समय भारत के अफगानिस्तान से सम्बन्ध मैत्रीपूर्ण नहीं रहे।
2000 के दशक में अमेरिका के नेतृत्व वाली नाटो गठबन्धन की सेना ने अफगानिस्तान पर आक्रमण कर वहाँ से तालिबान की सत्ता को उखाड़ फेंका तथा स्वतन्त्र चुनाव करवाए हामिद करजई प्रथम निर्वाचित राष्ट्रपति बने तब से भारत अफगानिस्तान के सम्बन्धों में मधुरता बढ़ी है। भारत अफगानिस्तान में अनेक विकास कार्य करवा रहा है, जिनमें अफगान संसद भवन का निर्माण, देलाराम-जराज हाइवे आदि प्रमुख हैं।
. चीन यह भारत की उत्तरी सीमा पर स्थित है। चीन के साथ भारत के सम्बन्ध ऐतिहासिक रहे हैं। प्राचीनकाल में फाह्यान, ह्वेनसांग, इत्सिग जैसे विख्यात यात्री चीन से भारत आए तथा भारत से भी अनेक बौद्ध भिक्षुओं ने चीन जाकर बौद्ध धर्म का प्रचार किया। वर्ष 1949 में चीन में लोक गणराज्य की स्थापना हुई, जिसे मान्यता प्रदान करने वाला प्रथम गैर साम्यवादी देश भारत था।
भारत ने चीन को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् का स्थायी सदस्य बनाने के लिए सशक्त प्रयास किया तथा दोनों देशों ने शान्ति व मैत्री के आधार पर पंचशील समझौता किया, किन्तु इस समझौते को तोड़ते हुए वर्ष 1962 में चीन ने भारत पर आक्रमण कर दिया, तब से भारत व चीन के सम्बन्ध शत्रुतापूर्ण रहे। 1990 के दशक से दोनों देशों ने सामान्य सम्बन्ध बनाने के प्रयास किए हैं, किन्तु दोनों देशों के बीच सीमा विवाद एक बड़ा मुद्दा है।
सम्बन्धों को और मजबूत बनाने के क्रम में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने सितम्बर, 2014 में भारत की यात्रा की इस यात्रा के दौरान चीन और भारत के बीच कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए तिब्बत से रास्ता दिये जाने के सन्दर्भ में एक समझौता हुआ। मई, 2015 में भारतीय प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने चीन की यात्रा की। इस यात्रा के दौरान भारत तथा चीन के बीच व्यवसायों से सम्बन्धित 24 समझौते हुए।
• पाकिस्तान यह भारत की पश्चिमी सीमा पर स्थित देश है। भारत तथा पाकिस्तान के बीच सम्बन्ध प्रारम्भ से ही कटुतापूर्ण रहे हैं। वर्ष 1947 में अपनी स्थापना के पश्चात् से ही पाकिस्तान वर्ष 1947, 1965, 1971 तथा 1999 में भारत पर आक्रमण कर चुका है। इस समयावधि में समय-समय पर दोनों देशों के नेताओं ने शान्ति बहाली के प्रयास भी किए हैं, किन्तु इन प्रयासों की सफलता में पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद एक बड़ी बाधा है। पाकिस्तान ने अब तक भारत में आतंक की अनेक बड़ी घटनाओं को अन्जाम दिया है, जैसे कि मुम्बई में 26/11 का हमला। फिर भी दोनों देशों के मध्य सम्बन्धों को सामान्य बनाने के प्रयास जारी हैं।
•
0 Comments